स. भु. विद्यालय रंगली संगीत महफिल

 0
स. भु. विद्यालय रंगली संगीत महफिल

बिडकिन:विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने और उनकी जन्मजात क्षमताओं के विकास के लिए स.भु. प्रशाला में शनिवार को डायरी मुक्त स्कूल का आयोजन किया गया। इसमें कला, खेल, संगीत, साहित्य, कौशल्य विकास, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था।

शनिवार को विद्यार्थियों में संगीत और गायन कला के विकास के लिए प्रशाला के मुख्याध्यापक धर्मेंद्र येवले के मार्गदर्शन में सांस्कृतिक विभाग प्रमुख सुजाता तोष्णीवाल और जयश्री महाजन ने संगीत महफिल का आयोजन किया था। इसके लिए गायिका मृदुला सोनजे को आमंत्रित किया गया था। मृदुला सोनजे द्वारा प्रस्तुत संगीत महफिल का उद्घाटन शालेय समिति के अध्यक्ष किसनलाल तोतला और मुख्याध्यापक धर्मेंद्र येवले के हाथों किया गया। इस अवसर पर उपमुख्याध्यापक युवराज पाडळे, पर्यवेक्षिका मनिषा मिश्रा, राजू शिंदे उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्याध्यापक धर्मेंद्र येवले ने पुष्पगुच्छ देकर गायिका मृदुला सोनजे का स्वागत किया। मृदुला सोनजे महाराष्ट्र की ख्यातनाम गायिका हैं और उन्होंने स्टार प्रवाह आयोजित मी होणार सुपर स्टार में टॉप का स्थान प्राप्त किया है। साथ ही उन्होंने नांदेड फेस्टिवल में प्रथम स्थान, राज्य स्तरीय गायन स्पर्धा, धुले आयोजित प्रथम स्थान लता मंगेशकर मंच आयोजित स्पर्धा विजेता, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाडा विश्वविद्यालय आयोजित युवक स्पर्धा में विजेता पद सहित विभिन्न स्पर्धाओं में पुरस्कार प्राप्त किए हैं। मृदुला सोनजे ने मराठी, हिंदी फिल्मों के कई लोकप्रिय गीत अपने मधुर आवाज में प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने उनके हर गीत पर तालियां बजाकर दाद दी। इस अवसर पर संगीत शिक्षिका अक्षदा चौथमल, त्रिंबक गावडे, राजू शिंदे ने भी अपने मधुर आवाज में गीत प्रस्तुत किए। संचालन राजू शिंदे ने किया और आभार सुजाता तोष्णीवाल ने माना।