Nanded Crime: शिवसेना नेता सोनू कल्याणकर की हत्या, 3 दिन में 5 मर्डर से दहला शहर; पुलिस एनकाउंटर में एक आरोपी को लगी गोली
महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिवसेना नेता सोनू कल्याणकर की सुबह वॉक के दौरान 17 बार चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक को एनकाउंटर में पैर पर गोली लगी है। जानें नांदेड़ में बढ़ते अपराध और गैंगवार की पूरी कहानी।
नांदेड़ / छत्रपति संभाजीनगर:
महाराष्ट्र के नांदेड़ (Nanded) शहर में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार की सुबह शिवसेना के युवा नेता सोनू कल्याणकर (35) की सरेआम चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह शहर में पिछले 3 दिनों के भीतर हत्या की पांचवीं वारदात है, जिसने पूरे इलाके में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।
हालांकि, नांदेड़ पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के चंद घंटों के भीतर ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस और एक मुख्य आरोपी के बीच मुठभेड़ (Encounter) भी हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी है।
क्या है पूरी घटना?
पुलिस के मुताबिक, सोनू कल्याणकर सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे श्रीनगर इलाके में मॉर्निंग वॉक (Morning Walk) पर निकले थे।
-
घात लगाकर हमला: आरोपियों ने उनकी दिनचर्या की रेकी कर रखी थी। कुमार ड्रेसेस के पास पहुंचते ही आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया।
-
17 बार वार: सोनू के शरीर पर 17 से अधिक घाव किए गए, जिससे उनका काफी खून बह गया। राहगीर उन्हें आईटीआय चौक स्थित निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिल्मी स्टाइल में एनकाउंटर
वारदात के बाद नांदेड़ के एसपी अबिनाश कुमार के निर्देश पर क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाया और चार आरोपियों- प्रसाद शिंदे, कृष्णा जोगदंड, रवि लोध और आकाश उर्फ अंकुश गंदमवार को धर दबोचा।
-
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी अंकुश झरी गांव के पास छिपा है।
-
जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो वह खेतों की तरफ भागा और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की।
-
जब आरोपी की पिस्तौल मिसफायर हुई और उसने दोबारा गोली चलानी चाही, तो सब-इंस्पेक्टर मिलिंद सोनकांबळे ने आत्मरक्षा में फायर किया। गोली आरोपी अंकुश के घुटने के पास लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हत्या की वजह: पुरानी रंजिश
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे पुरानी दुश्मनी है।
-
एसपी अबिनाश कुमार ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मृतक और आरोपियों के बीच झगड़ा हुआ था। कुछ दिन पहले फिर से इनकी बहस हुई थी, जो हत्या का कारण बनी।
-
आपराधिक इतिहास: पुलिस के अनुसार मृतक सोनू कल्याणकर का भी क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है। हाल ही में वह बीजेपी छोड़कर शिवसेना में शामिल हुए थे। 2021 में भी उन पर कुख्यात रिंदा गैंग द्वारा जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वे बच गए थे।
नांदेड़ में क्यों बह रहा है खून?
सोनू की हत्या नांदेड़ में हिंसक घटनाओं की एक श्रृंखला का हिस्सा है।
-
शनिवार: कैनाल रोड पर दो गुटों के बीच हुए गैंगवार में 3 लोगों की हत्या कर दी गई थी।
-
रविवार: मुरमुरा गली इलाके में रंजीतसिंह तबेलेवाले नाम के युवक को तलवारों से काट दिया गया।
लगातार हो रही इन घटनाओं में खुलेआम हथियारों के इस्तेमाल से आम जनता में भारी दहशत है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।