एपस्टीन फाइल्स: अनुराग कश्यप ने तोड़ी चुप्पी, बोले- कभी चीन नहीं गया
फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप ने एपस्टीन फाइल्स में नाम आने की खबरों पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं और वह कभी चीन नहीं गए।
मुंबई: दुनियाभर में हलचल मचाने वाली 'एपस्टीन फाइल्स' (Epstein Files) एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई हैं। दिवंगत अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों के सार्वजनिक होने के बाद कई प्रभावशाली हस्तियों पर सवाल खड़े हुए हैं। इसी कड़ी में अब भारतीय फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप का नाम सामने आने की चर्चाओं ने सभी को चौंका दिया था। हालांकि, अनुराग कश्यप ने बिना देर किए इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है, उन्हें महज अफवाह करार दिया।
अनुराग कश्यप ने एपस्टीन फाइल्स पर तोड़ी चुप्पी
दरअसल, कुछ सोशल मीडिया दस्तावेजों और चर्चाओं में यह दावा किया गया था कि अनुराग कश्यप का नाम एपस्टीन से जुड़े एक ईमेल में दर्ज है। इस ईमेल में उन्हें सीधे नाम से नहीं, बल्कि 'बॉलीवुड का आदमी' और 'एक मशहूर बॉलीवुड डायरेक्टर' कहकर संबोधित किया गया था। यह भी दावा किया गया कि साल 2017 में चीन के बीजिंग में आयोजित होने वाले एपस्टीन से जुड़े एक कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी संभावित थी। जैसे ही यह बात सामने आई, सोशल मीडिया पर अटकलों का दौर तेज हो गया था।
"मैं अपनी जिंदगी में कभी चीन नहीं गया": अनुराग कश्यप
एचटी सिटी से बात करते हुए अनुराग कश्यप ने इन सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ शब्दों में कहा कि उनका इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें हर महीने कई अंतरराष्ट्रीय मंचों से स्पीकर के तौर पर निमंत्रण मिलते हैं, जिनमें से अधिकांश का वो जवाब तक नहीं देते। कश्यप ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी पूरी जिंदगी में कभी बीजिंग गए ही नहीं हैं। ऐसे में किसी कथित इवेंट से उनका जुड़ाव होने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने इन सभी दावों को निराधार बताया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।